रायबरेली ; उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा मा० अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली सै० माऊज बिन आसिम की अध्यक्षता एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अनिशा के दिशा-निर्देशन में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत आज ‘एक स्वर, एक संविधान’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर, रायबरेली के सभागार में किया गया। इस अवसर पर संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा ने उपस्थित विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराकर उसकी शपथ दिलाई। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39ए के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह अनुच्छेद समान न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित है। इसके अंतर्गत राज्य का दायित्व है कि आर्थिक अथवा अन्य अक्षमताओं के कारण कोई भी नागरिक न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे।
उन्होंने भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत का संविधान देश का सर्वोच्च लिखित कानून है, जिसे संविधान सभा द्वारा 26 नवम्बर 1949 को अंगीकृत किया गया तथा 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान की प्रस्तावना भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य घोषित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मूल भावना एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान संविधान के विकास एवं संशोधनों के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया गया तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य आयोजन स्थल पर कुल 1,340 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक प्रस्तावना पाठन में 17,913 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रकार दिनांक 26 नवम्बर 2026 को जनपद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम एवं विभिन्न विद्यालयों में सामूहिक प्रस्तावना पाठन में कुल 19,253 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार-पंचम, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) प्रतिमा, द्वितीय अपर जनपद न्यायाधीश अमित कुमार पाण्डेय, पंचम अपर जनपद न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) गुणेन्द्र प्रकाश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह-प्रथम, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अरविन्द सिंह चौहान, प्रथम सहायक अंजनी कुमार वाजपेयी, प्रवक्ता राजेश वर्मा, सुरेश बहादुर सिंह, अध्यापिका रंजना तथा पराविधिक स्वयंसेवक पूनम सिंह, किरन तिवारी, राजकमल, अजीत कुमार, राजेन्द्र कुमार सोनकर, अमिता गुप्ता, रुचिता यादव, सौरभ सिंह, नागेन्द्र कुमार एवं पवन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

































































