गंजाम जिले के थाने के सरकारी क्वार्टर में महिला सब-इंस्पेक्टर का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया

0
10

जब दूध वाला सुबह दूध देने के लिए आया तो उसने फंदे से लटकी हुई लाश को देखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ओडिशा के गंजाम जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। पुरुषोत्तमपुर पुलिस थाने के परिसर में स्थित सरकारी क्वार्टर में एक महिला सब-इंस्पेक्टर का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान 27 वर्षीय प्रभासिनी साहू के रूप में हुई है। शनिवार सुबह उनका शव मिलने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गंजाम के एसपी हरीशा बी.सी. ने बताया कि शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

ड्यूटी करके देर रात करीब 1 बजे लौटी थीं प्रभासिनी साहू

जानकारी के अनुसार, प्रभासिनी साहू शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पुलिस थाने में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद सरकारी क्वार्टर में लौटी थीं। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे एक दूध विक्रेता उनके क्वार्टर में दूध पहुंचाने गया था। इसी दौरान, उसकी नजर प्रभासिनी के फंदे से लटके हुए शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

इसी साल प्रभासिनी को मिली थी पुलिस की नौकरी

बता दें कि प्रभासिनी साहू ने 24 जनवरी को पुलिस विभाग में नौकरी शुरू की थी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 26 सितंबर को उन्हें पहली पोस्टिंग पुरुषोत्तमपुर पुलिस थाने में मिली थी। वह मूल रूप से जाजपुर जिले के मंगलपुर पुलिस थाना क्षेत्र के महंतापुर गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी पुरी में हुई थी। उनके पति रेलवे विभाग में सीनियर लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस विभाग में आने से पहले प्रभासिनी शिक्षिका के रूप में भी काम कर चुकी थीं।

साथी पुलिसकर्मी प्रभासिनी को कहते थे समझदार

प्रभासिनी के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों ने बताया कि उनका व्यवहार काफी अच्छा था। वह कम बोलने वाली, धैर्य रखने वाली और समझदार अधिकारी थीं। थाने में तैनात अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भी उनके संबंध अच्छे थे। पुलिस ने बताया कि उन्होंने कभी अपने व्यवहार से किसी को परेशान नहीं किया और सभी के साथ उनके अच्छे संबंध थे।

चक्रवात के समय पर ड्यूटी पर थीं प्रभासिनी

हाल ही में ओडिशा में चक्रवात और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्यों में लगे हुए थे। ऐसे में यह सवाल भी उठाया गया कि क्या प्रभासिनी पर काम का अधिक दबाव था या हालिया चक्रवात और बाढ़ से जुड़ी ड्यूटी का उन पर कोई असर पड़ा था। इस पर गंजाम एसपी ने कहा कि प्रभासिनी को कोई असामान्य या अतिरिक्त काम नहीं सौंपा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि प्रभासिनी ने कभी उनके सामने अपनी निजी जिंदगी या नौकरी से जुड़ी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

हर एंगल से की जा रही केस की जांच

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन इसके पीछे की वजह को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले हाल ही में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी करने का मामला सामने आया था।

LEAVE A REPLY