सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखी शादी की खूब चर्चा है। दावा है कि, मुंबई के एक कपल ने पारंपरिक और शादी के बड़े आयोजन की जगह समुद्र के किनारे शादी की। कृषा कोठारी और वरिल शाह ने अरब सागर के किनारे, परिवार के घर की छत पर सिर्फ 8 मेहमानों की मौजूदगी में शादी रचाई। उनकी यह इंटिमेट सेरेमनी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है और लोगों के दिल जीत रही है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की गईं फोटोज
इस पोस्ट को इंस्टाग्राम पर @khushmag हैंडल से शेयर किया गया है। शादी वरिल के परिवार के घर की टेरेस पर हुई। यहां से अरब सागर और मुंबई के स्काईलाइन का बेहद खूबसूरत नजारा दिखता है। सूर्यास्त के समय सफेद फूलों और मोमबत्तियों से सजी छत पर दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का वादा किया। मेहमानों की संख्या सिर्फ 8 थी, जो उनके निकटतम रक्त संबंधी थे। कोई बैंड-बाजा नहीं, कोई सैकड़ों मेहमान नहीं और न ही किसी बड़े वेन्यू का शोर। सिर्फ प्यार, परिवार और समुद्र की लहरें। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “आठ मेहमान, समुद्र की ओर मुखी टेरेस और एक ऐसी शादी जो ‘मैग्निट्यूड से पहले मीनिंग’ पर आधारित थी।”
दोनों की ड्रेस और सजावट ने बनाया रोमांटिक माहौल
दुल्हन कृषा लाल-सोने की साब्यासाची साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। दूल्हा वरिल सफेद-सोने की मनीष मल्होत्रा शेरवानी में नजर आए। दोनों के लुक एक-दूसरे से परफेक्टली मैच कर रहे थे। टेरेस पर सफेद फूलों और मोमबत्तियों की सजावट ने माहौल को और भी रोमांटिक बना दिया। लाल फूलों की वर्षा के बीच कपल ने शादी की। तस्वीरों में परिवार के सदस्य खुशी से तालियां बजाते और आशीर्वाद देते दिख रहे हैं।
पैसे की कमी नहीं थी वजह
कृषा ने बताया कि यह फैसला पैसे की कमी के कारण नहीं था। उनके माता-पिता ने सालों से बड़ी शादी के लिए बचत की थी और सैकड़ों मेहमानों वाले समारोह की योजना बनाई थी। लेकिन कपल को लगा कि अर्थपूर्ण पल ज्यादा जरूरी हैं। उन्होंने कहा, “हमने कम करने के लिए यह फैसला नहीं किया। हमने असल शादी का अनुभव ज्यादा करने के लिए ऐसा किया।” मेहमानों की लिस्ट सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने साफ नियम बनाया कि सिर्फ इमीडिएट ब्लड रिलेटिव्स ही होंगे, ताकि कोई अपवाद न बने। दोनों की मुलाकात डेटिंग ऐप पर हुई थी। वरिल ने स्पेन के मल्लोर्का में समुद्र किनारे रोमांटिक प्रपोजल किया था। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने शादी भी समुद्र के सामने रखी। दिसंबर 2025 में हुई यह एक घंटे की सेरेमनी उनके लिए यादगार बन गई।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर लोग इस फैसले की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि आजकल शादी सिर्फ दिखावे का नाम रह गई है, लेकिन यह कपल प्यार और रिश्तों को प्राथमिकता दे रहा है। कुछ ने कहा कि छोटे समारोह में ज्यादा खास पल याद रहते हैं। तस्वीरें देखकर लोग भावुक हो रहे हैं और कपल को बधाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि, इससे पहले बारात में लहंगा चोली पहनकर डांस करते विदेशियों का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।



























































