रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सड़क परियोजनाओं हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण, अधिग्रहित भूमि के संबंध में मुआवजा वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनावार भूमि अधिग्रहण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही लंबित है, उसमें नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। साथ ही पात्र भू-स्वामियों को देय मुआवजा राशि के वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अंश निर्धारण के सम्बन्ध में जिन भू स्वामियों का मुवावजा वितरण नहीं हो पा रहा है, उनका प्राथमिकता से अंश निर्धारण कर समयबद्ध मुवावजा वितरण सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सड़क परियोजनाएं जनहित से सीधे जुड़ी हुई हैं। अतः भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण तथा निर्माण कार्यों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव सहित संबंधित उप जिलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

































































