शरवरी वाघ का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा

0
14

इस वीडियो में वह ‘हम साथ साथ हैं’ की डॉक्टर प्रीति यानी सोनाली बेंद्रे के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के हिट गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं।

शरवरी वाघ इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर सु्र्खियों में छाई हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शरवरी के साथ आयुष्मान खुराना लीड रोल में हैं। शरवरी और आयुष्मान लगातार अपनी इस अपकमिंग फैमिली ड्रामा के प्रमोशन में जुटे हुए हैं और इस बीच सूरज बड़जात्या की एक हीरोइन के साथ शरवरी का कोलैबोरेशन फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है। दरअसल, शरवरी वाघ ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक नई रील शेयर की है, जिसमें वह ‘हम साथ साथ हैं’ की डॉक्टर प्रीति, यानी सोनाली बेंद्रे के साथ ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर डांस करती नजर आ रही हैं और दोनों की जुगलबंदी फैंस को काफी पसंद आ रही है।

सोनाली बेंद्रे संग शरवरी वाघ का वीडियो

शरवरी वाघ ने कुछ घंटे पहले ही इंस्टाग्राम पर अपनी नई रील शेयर की है, जिसमें वह खूबसूरत मरून कलर का सूट पहनकर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर डांस करती नजर आ रही हैं। इसी बीच वीडियो में सोनाली बेंद्रे की भी एंट्री होती है, जो शरवरी के साथ ताल से ताल मिलाती हैं। दोनों की जुगलबंदी फैंस का दिल जीत रही है। कई ने कमेंट करते हुए इसे वीडियो पर रिएक्शन दिया है। जहां कुछ का कहना था कि सोनाली को यूं झूमते देखकर उन्हें ‘हम साथ साथ हैं’ की डॉक्टर प्रीति याद आ गईं तो कई ने दोनों के ग्रेसफुल डांस मूव्ज की तारीफ की।

शरवरी ने सोनाली बेंद्रे को लेकर जताया प्यार

वीडियो शेयर करते हुए शरवरी ने कैप्शन में लिखा – ‘धन्यवाद सोनाली मैम, आपके ढेर सारे प्यार, आशीर्वाद और उस प्यारी सी मुस्कान के लिए! आपके साथ डांस करना एक बहुत ही खास एहसास है, और मैं इस पल को हमेशा अपने दिल के करीब संजोकर रखूंगी। आपको ‘डॉ. प्रीति’ के रूप में देखकर बड़े होने का अनुभव, जो राजश्री की सबसे प्यारी और चहेती नायिकाओं में से एक हैं, इस पल को और भी खास बना देता है। ढेर सारी पुरानी यादें और ढेर सारा प्यार! ये प्रेम मोल लिया 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।’

भाग्यश्री और माधुरी दीक्षित संग भी शेयर कर चुकी हैं वीडियो

इससे पहले शरवरी वाघ ने राजश्री बैनर की अन्य हीरोइन भाग्यश्री और माधुरी दीक्षित भी ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर रील शेयर की थी। भाग्यश्री ने सूरज बड़जात्या की डेब्यू फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से डेब्यू किया था, जिसमें सलमान खान लीड रोल में थे और ये उनकी भी बतौर लीड एक्टर पहली फिल्म थी। भाग्यश्री से पहले शरवरी ने बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के साथ वीडियो शेयर किया था, जो राजश्री बैनर की ‘अबोध’ और ‘हम आपके हैं कौन’ में नजर आ चुकी हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘हम आपके हैं कौन’ में उन्होंने निशा की भूमिका निभाई थी और ये ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। 

‘ये प्रेम मोल लिया’ की रिलीज डेट और कास्ट

‘ये प्रेम मोल लिया’ की बात करें तो ये म्यूजिकल फैमिली ड्रामा 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ लीड रोल में हैं और अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे समेत कई अन्य कलाकार अहम किरदार में हैं। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया  है।

LEAVE A REPLY