रायबरेली : मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने बताया है कि आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा मा० मुख्यमंत्री जी की विभागीय समीक्षा बैठक में जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आचरण एवं कार्यप्रणाली के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्देशों के क्रम में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील, सुलभ एवं शिष्ट व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर आमजन का उत्पीड़न अथवा उपेक्षा स्वीकार्य नहीं होगी। किसी भी पात्र व्यक्ति को केवल तकनीकी कारणों, सर्वर की विफलता अथवा डेटा मिलान में त्रुटि के चलते शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा। तकनीक का उद्देश्य जनसामान्य को सुविधा प्रदान करना है, न कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं के लाभ से वंचित करना।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल अभिलेखों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं का स्थलीय आकलन करें तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रत्येक समस्या के निराकरण के लिए उत्तरदायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित किया जाए तथा विलंब अथवा लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी तदनुसार निर्देशित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
































































