भारत में सोना करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से फिसलकर लगभग 1.20 लाख रुपये पर आ गया है। यानी कीमतों में करीब 27% की गिरावट आ चुकी है। इसके बावजूद दुनिया की बड़ी ब्रोकरेज फर्म UBS को सोने की कीमतों में आगे तेजी आने की उम्मीद है। UBS ने दिसंबर 2027 तक सोने का भाव 5,000 डॉलर प्रति औंस यानी करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंचने का अनुमान बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने सोने को निवेश के लिहाज से अब भी अट्रैक्टिव बताया है।
सोने में गिरावट के बाद भी UBS को भरोसा
UBS का मानना है कि भले ही फिलहाल सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है, लेकिन लंबे समय में इसकी मांग मजबूत रह सकती है। इसके पीछे चार बड़ी वजहें हैं। पहली वजह दुनिया के केंद्रीय बैंकों की सोने में बढ़ती खरीदारी है। कई देश अपने विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर पर निर्भरता कम करके सोने का हिस्सा बढ़ा रहे हैं। दूसरी वजह दुनिया के कई देशों पर बढ़ता कर्ज है। सरकारों पर कर्ज बढ़ने से निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के तौर पर देख सकते हैं। तीसरी वजह दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहा तनाव है। युद्ध और राजनीतिक अनिश्चितता के समय निवेशक अक्सर सोने में पैसा लगाना पसंद करते हैं। इसके अलावा चीन में भी सोने की मांग बनी हुई है।
सोने की कीमतों में क्यों आ रही है गिरावट?
UBS के मुताबिक, फिलहाल अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बॉन्ड से मिलने वाला ज्यादा रिटर्न सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा है। जब डॉलर मजबूत होता है तो दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है। वहीं, अमेरिकी बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलने से निवेशक सोने के बजाय दूसरे विकल्पों में पैसा लगा सकते हैं। इसके अलावा शेयर बाजार में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी के कारण भी सोने से पैसा निकल रहा है। 25 नवंबर को MCX पर दिसंबर के सोने का वायदा भाव करीब 1.3% गिरकर 1,20,314 रुपये पर आ गया था। पिछले एक महीने में इसमें करीब 15% और तीन महीने में 27% की गिरावट दर्ज की गई।
एनालिस्ट को भी तेजी की उम्मीद
यूबीएस के अलावा दूसरी बड़ी ब्रोकरेज फर्मों को भी लंबे समय में सोने की कीमतों में तेजी की उम्मीद है। गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि दिसंबर 2027 तक सोने का भाव 4,650 डॉलर प्रति औंस यानी करीब 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। वहीं, CIBC ने इस तिमाही के लिए अपना अनुमान घटाकर 4,500 डॉलर प्रति औंस कर दिया है, लेकिन 2027 में सोने की कीमत 5,200 डॉलर यानी करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की उम्मीद जताई है।
भारतीय निवेशकों के लिए संकेत
भारतीय बाजार में सोने की कीमत सिर्फ अंतरराष्ट्रीय भाव पर निर्भर नहीं करती, बल्कि रुपये और डॉलर की कीमत का भी इस पर असर पड़ता है। अगर रुपया कमजोर होता है तो भारत में सोना महंगा हो सकता है। वहीं, रुपया मजबूत होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर घरेलू कीमतों पर कुछ कम पड़ सकता है।































































