जनपद रायबरेली में खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस एवं पंजीकरण से आच्छादित करने के निर्देश

0
30


रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मानिक चन्द्र ने विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 1066 निरीक्षण एवं 149 छापेमार कार्रवाई करते हुए 225 नमूने संग्रहीत किए गए। इस अवधि में कुल 368 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें 143 नमूने अधोमानक, 27 असुरक्षित तथा 02 मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस दौरान 164 वाद माननीय न्याय निर्णयन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के न्यायालय तथा 23 वाद न्यायिक न्यायालय में दायर किए गए। न्याय निर्णयन अधिकारी के न्यायालय में कुल 86 वादों का निस्तारण करते हुए 20 लाख 85 हजार रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 16 प्रतिष्ठानों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के अंतर्गत हाइजीन रेटिंग प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इसी क्रम में बाल सुधार गृह (बालक), राजकीय जिला अस्पताल (महिला) एवं राजकीय जिला अस्पताल (पुरुष) को ईट राइट कैम्पस के रूप में प्रमाणित कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त FoSTaC के अंतर्गत 10 प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर 1000 खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा सुपरवाइजर का प्रशिक्षण प्रदान करते हुए प्रमाण पत्र दिलाया जाना है।
उन्होंने बताया कि नवीन मंडी स्थल सलोन को क्लीन एंड फ्रेश फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट के रूप में तथा अभयदाता मंदिर, दूरभाष नगर, रायबरेली एवं श्री पिपलेश्वर हनुमान मंदिर, चुरुवा को Places of Worship (PoW) के रूप में प्रमाणित कराया जाना प्रस्तावित है। खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 33 स्थानों पर शिविर आयोजित कर 20,637 आमजन एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने निर्देश दिए कि जनपद में तीन स्टार रेटिंग से नीचे संचालित होटलों को सराय एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आबकारी, उद्यान, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित प्रतिष्ठानों को विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के अंतर्गत लाइसेंस एवं पंजीकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के अंतर्गत पंजीकरण से आच्छादित कराया जाए। उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया गया कि खाद्य कारोबार संचालित करने वाले स्वयं सहायता समूहों के प्रतिष्ठानों का भी अनिवार्य रूप से लाइसेंस एवं पंजीकरण कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित सम्प्रेक्षण गृहों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में संचालित कैंटीनों का नियमित निरीक्षण करने तथा डिग्री कॉलेज चौराहे के निकट नियमित रूप से लगने वाले खाद्य पदार्थों के ठेलों एवं खोमचों की जांच करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इनमें RUCO (Repurpose Used Cooking Oil), FoSCoS (Food Safety Compliance System), Eat Right School, Eat Right Campus, Clean Street Food Hub, Clean and Fresh Fruit and Vegetable Market, Places of Worship (PoW), FoSTaC (Food Safety Training and Certification), जागरूकता कार्यक्रम (IEC), Hygiene Rating, Right Place to Eat एवं Food Safety on Wheels (FSW) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य इरफानुल्लाह खान, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर अधीक्षक नगर पालिका परिषद, उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY