रायबरेली : आरक्षण, एससी/एसटी (हरिजन) एक्ट और यूजीसी (UGC) के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर सवर्ण समाज का प्रदर्शन दिल्ली में तेज हो गया है। संगठन के नेता पंकज धरवरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं और जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं।
धरवरिया ने एक संदेश जारी कर कहा है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण और हरिजन एक्ट जैसे कानून समाज के एक वर्ग के हितों को प्रभावित कर रहे हैं, इसलिए इन्हें वापस लिया जाना चाहिए।
जंतर-मंतर पर अनशन की अनुमति के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख
आयोजकों के अनुसार, वे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से आमरण अनशन शुरू करने के लिए आवश्यक अनुमतियां जुटा रहे हैं। इसके लिए कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जा रहा है।
पंकज धरवरिया ने सवर्ण समाज के लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “हम दिल्ली में डटे हुए हैं। जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं होता और सफलता नहीं मिल जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”
इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग की गई है कि वर्तमान आरक्षण नीति और एससी/एसटी कानून की समीक्षा की जाए। दिल्ली पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

























































