जनपद रायबरेली में राजनीतिक दलों से प्राप्त फीडबैक एवं समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश

0
43

राजनीतिक दलों से प्राप्त फीडबैक एवं समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश


रायबरेली : जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद में अब तक की गई कार्यवाही तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष अभियान तिथियों में संचालित गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही विशेष अभियान दिवसों में बूथों पर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने तथा नामावली को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाए जाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण अभियान के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखी जाए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहने पाए। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY