रायबरेली। सदर क्षेत्र से लगातार 25 वर्षों तक विधायक रहे स्वर्गीय अखिलेश सिंह की बहन एवं समाजवादी पार्टी की नेत्री पूनम सिंह ने मंगलवार को अपने पिता स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया। इस अवसर पर शहर के सुपर मार्केट में विशाल भंडारे के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
निःशुल्क नेत्र शिविर में मरीजों की जांच
सुपर मार्केट में भंडारे का शुभारंभ करने के पश्चात पूनम सिंह अमावा ब्लॉक के ग्राम सिधौना स्थित पंचायत भवन पहुंचीं। यहां कानपुर के ‘साई आई अस्पताल’ के अनुभवी नेत्र सर्जनों के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया था। पूनम सिंह ने सर्वप्रथम अपने पिता स्व. ठाकुर धुन्नी सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शिविर में आए ग्रामीणों व मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
अदिति सिंह की गैर-मौजूदगी पर दिया बयान
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पूनम सिंह ने सदर विधायक अदिति सिंह द्वारा अपने दादा (स्व. धुन्नी सिंह) की पुण्यतिथि पर कोई आयोजन न किए जाने के सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।
पूनम सिंह ने कहा, “जिस प्रकार लोग मेरे दिवंगत भाई (अखिलेश सिंह) की स्मृति में उन्हें याद करते हैं, उसी तरह मैं भी अपने माता-पिता की स्मृति में ऐसे सेवा कार्यक्रम आयोजित करती हूं। पूर्वजों को याद करना राजनीति से ऊपर उठकर एक भावनात्मक विषय होना चाहिए।” उन्होंने अपनी भतीजी व सदर विधायक अदिति सिंह को सलाह देते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मानवता के नाते ही सही, उन्हें अपने पूर्वजों को अवश्य याद रखना चाहिए।




























































