रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि शिक्षा दिवस के अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, राजकीय इण्टर कॉलेज, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) सहित जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्वगणना (Self Enumeration) अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से निर्धारित दिवसवार कार्यक्रम के क्रम में आज जनपद में शिक्षा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं शैक्षणिक कार्यालयों में स्वगणना अभियान संचालित किया गया।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा उन्हें जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जनगणना के महत्व, इसकी उपयोगिता एवं सटीक आंकड़ों के संकलन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया गया।
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। इसलिए इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

































































