रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) / जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्वगणना (Self Enumeration) अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से निर्धारित दिवसवार कार्यक्रम के क्रम में आज जिला कारागार, रायबरेली में विशेष स्वगणना अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान जिला कारागार के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा जनगणना में सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करते हुए इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्रित करने का राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी सही-सही दर्ज कराते हुए इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
—————00000—————

































































