जनपद रायबरेली में डीएम की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक में पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
44


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित पोषण एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए केंद्रों के निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल मैत्रिक शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की गई। निर्माणाधीन बाल विकास परियोजना कार्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बैठक में सैम (गंभीर तीव्र कुपोषित) बच्चों के चिन्हांकन, उनके समुचित उपचार एवं पुनर्स्थापन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देते हुए पात्र बच्चों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर ऐप पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे होम विजिट की प्रगति की समीक्षा करते हुए नियमित रूप से गृह भ्रमण करने तथा पोषण संबंधी सेवाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आभा एवं अपार आईडी बनाए जाने की प्रगति तथा हॉट कुक्ड मील योजना के संचालन की भी समीक्षा की गई।
इस असवर पर जिलाधिकारी ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बाल अधिकारों की रक्षा करने तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने हेतु उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्र रहमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY