रायबरेली। शहर के किला बाजार स्थित वसी नकवी नेशनल इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित स्वर्गीय श्रीमती कमला सिंह स्मृति क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट का भव्य समापन एवं फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। समापन समारोह में कमला फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने फाइनल मुकाबले में पहुंची दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
अपने संबोधन में पूनम सिंह ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। खेल के मैदान में जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं होता, बल्कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना से पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि खेल आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करता है।
उन्होंने अपने परिवार की स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके तीनों भाई बचपन से क्रिकेट के प्रति बेहद उत्साही थे और उसी कारण उनका भी इस खेल से विशेष लगाव रहा है।
टूर्नामेंट के ग्रैंड फिनाले में A One मेडिकल स्टोर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए NSCA क्रिकेट अकादमी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए NSCA क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 8 ओवर में 40 रन बनाए। जवाब में A One मेडिकल स्टोर ने महज 4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता जीत ली। प्रतियोगिता में विश्वकर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
समापन समारोह में आयोजकों द्वारा पूनम सिंह का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मो. आलम (अप्पू), इमरान खान (हैप्पी), मो. चांद, बन्ने मान, आदिल खान,अनुज पाठक सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सफल आयोजन के लिए पूरी आयोजन समिति को बधाई दी गई।



























































