खनन, स्टाम्प, राजस्व संग्रह, खाद्य सुरक्षा एवं गेहूँ खरीद की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
18

नगरीय निकाय एवं डूडा योजनाओं की समीक्षा कर दिए गए निर्देश


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खनन, स्टाम्प एवं पंजीयन, राजस्व संग्रह, खाद्य सुरक्षा, पूर्ति विभाग तथा गेहूँ खरीद से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खनन विभाग की समीक्षा करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स द्वारा औचक निरीक्षण कर अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही की जाए। सभी तहसीलों में यह सुनिश्चित कराया जाए कि नदी के किनारे कही पर भी बालू का अवैध खनन न हो तथा प्रवर्तन की कार्यवाही को और अधिक सख्ती से लागू किया जाए।
स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आय बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
राजस्व संग्रह की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बकाया वसूली में तेजी लाएं और लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करें।
खाद्य सुरक्षा एवं पूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, इसके साथ ही रिक्त राशन की दुकानों का शीघ्र आवंटन कराया जाए। पेट्रोलियम पदार्थों (डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस) की समीक्षा करते हुवे निर्देश दिए कि खुदरा बिक्री केंद्र डीजल केवल वाहनों के टैंक अथवा PESO से अनुमोदित कंटेनर में ही बिक्री करेंगे और एक दिन में एक ग्राहक/वाहन को 200 ली० से ज्यादा डीजल बिक्री नहीं करेंगे, यदि 200 ली० से अधिक डीजल लेना है तो कारण/ किस प्रयोजन में प्रयुक्त किया जाना है का उल्लेख करते हुवे जिला पूर्ति अधिकारी के पास प्रत्यावेदन देना होगा। खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि सावन माह के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने हेतु सड़क के किनारे की समस्त दुकानों की जांच करा ली जाए इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करा लिया जाए कि सभी दुकानों पर रेट लिस्ट डिस्प्ले की गई है।
गेहूँ खरीद की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा भुगतान समयबद्ध तरीके से किसानों के खातों में किया जाए।
नगरीय निकाय एवं डूडा योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वानिधि तथा अन्य डूडा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, उप जिलाधिकारी डलमऊ सत्येन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सलोन मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी महराजगंज चन्द्र प्रकाश गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्ररहमान, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सोनी गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, परियोजना निदेशक (डूडा) शशि कुमार मेहरोत्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खनन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY