गाजियाबाद। विश्व योग दिवस के अवसर पर 21 जून को दिव्यदर्शन योग सेवा संस्थान द्वारा एबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, लालकुआं, गाजियाबाद में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग सत्र प्रातः 8:00 बजे से 8:45 बजे तक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम, खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन तथा लेटकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इसके बाद अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, ओम् उच्चारण एवं शांति पाठ के साथ योग सत्र का समापन किया गया।
योगाभ्यास दिव्यदर्शन योग सेवा संस्थान के आचार्य श्री करन बहादुर, योगाचार्य योगीराज करनदेव के निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को योग के इतिहास, महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी, प्रोफेसर्स एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता की। कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए नियमित रूप से योग अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष श्री नीरज गोयल, महासचिव श्री शाश्वत गोयल, निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान, डी.एस.डब्ल्यू. प्रो. (डॉ.) अमिता मैम, एन.एस.एस. संचालक फैकल्टी श्री देवेंद्र कुमार मिश्र तथा डॉ. श्वेता चौधरी, एस.वाई.सी. क्लब संचालक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को दैनिक जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।































































