फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल होते-होते टल गया। रात करीब सवा नौ बजे एयरपोर्ट के दो टैक्सी-वे (रनवे और टर्मिनल को जोड़ने वाला रास्ता) के चौराहे पर UPS के एक बोइंग 767 कार्गो विमान और कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 यात्री विमान की आपस में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि दोनों विमानों की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यह घटना उस वक्त हुई जब यूपीएस की फ्लाइट 358 मियामी से कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, जबकि कोपा एयरलाइंस की फ्लाइट 427 पनामा सिटी से लैंड होकर टर्मिनल की तरफ बढ़ रही थी।
एटीसी ऑडियो में कैद हुआ टक्कर का पूरा वाकया
सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलटों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो से साफ पता चलता है कि गलती किसकी थी। एटीसी नियंत्रक ने यूपीएस के क्रू को निर्देश दिया था कि उन्हें कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान को पहले गुजरने का रास्ता देना है।
लेकिन यूपीएस का विमान तय सीमा से थोड़ा आगे बढ़कर यात्री विमान के रास्ते में आ गया। टक्कर के ठीक बाद ऑडियो में एक पायलट यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, “हां, हम थोड़ा ज्यादा आगे निकल गए थे और दूसरे विमान ने अपने विंग से हमें रगड़ दिया।”
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 के विंग का सिरा यूपीएस के बोइंग 767 विमान के अगले हिस्से (नोज) से टकराया था। कोपा एयरलाइंस के विमान में बैठे एक यात्री द्वारा बनाए गए वीडियो में यूपीएस कार्गो प्लेन के अगले हिस्से को पहुंचा नुकसान साफ दिखाई दे रहा है।
दो लोगों को मामूली चोट, एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन जारी
टक्कर की सूचना मिलते ही मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामूली टक्कर में दो लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार कर दिया गया और उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचार निदेशक ग्रेग चिन ने बयान जारी कर कहा कि सभी विमानों को दूसरे वैकल्पिक टैक्सी-वे की तरफ मोड़ दिया गया है, इसलिए एयरपोर्ट के सामान्य कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है। बता दें कि यह हादसा ऐसे वक्त में हुआ है जब मियामी समेत पूरे अमेरिका के एयरपोर्ट्स पहले से ही भारी अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। शुक्रवार, 13 नवंबर को एटीसी की पुरानी तकनीक और रडार सिस्टम में आई खराबी के बाद FAA ने देशभर में विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक (ग्राउंड स्टॉप) लगा दी थी, जिसके कारण हजारों उड़ानें रद्द या लेट हुई थीं।


























































