डीएम सरनित कौर ने रिंग रोड फेज-01 के निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

0
28

मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज जनपद में निर्माणाधीन रिंग रोड फेज-01 परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को परियोजना को उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण है गया है, परियोजना में रेलवे लाइन में ऊपरगामी रेलवे सेतु का निर्माण कार्य (लांचिग स्कीम) की अनुमति न मिलने के कारण बाधित था, जिसकी स्वीकृति रेलवे द्वारा दिनाँक- 08 मई 2026 को निर्गत कर दी गई, स्वीकृति मिल जाने के पश्चात निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है, आगामी 06-08 माह में परियोजना का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सड़क, पुल-पुलिया, मिट्टी भराई, ड्रेनेज व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा अन्य तकनीकी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड परियोजना जनपद की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना से जुड़ी योजना है, जिसके पूर्ण होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना से जुड़े संभावित अवरोधों का समय रहते समाधान करते हुए कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता राष्ट्रीय मार्ग खण्ड लो०नि०वि० राज कुमार, सहायक अभियंता विकास श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY