महिला ने घंटों तक हंगामा किया। महिला का आरोप है कि पति ने चोरी से दूसरी शादी कर ली है। बिहार के सुपौल सदर बाजार के कोर्ट रोड स्थित गांधी मैदान के समीप उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई,जब एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर हंगामा करने लगी। महिला के हंगामे को देखने के लिए देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। महिला ने अपने पति की कॉलर पकड़ कर जमकर पिटाई की और रोड पर घसीटा। घटना मंगलवार दिन की है। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
पति पर दूसरी शादी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,महिला लगातार अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगा रही थी। वहीं,पति और उसके पिता महिला द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते नजर आए। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा और देखते ही देखते मामला हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन महिला अपने आरोपों पर कायम रही और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। महिला का तेवर इतना आक्रामक था कि मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही।
रोड पर घंटो तक हंगामा
हंगामे के दौरान महिला और उसके पति के बीच तीखी नोकझोंक होती रही। महिला लगातार अपने पति से सवाल-जवाब करती रही, जबकि पति और उसके पिता आरोपों को गलत बताते हुए अपना पक्ष रखने का प्रयास करते रहे। सड़क किनारे चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। हालांकि, इस पूरे विवाद में किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए दूसरी शादी के आरोपों की वास्तविकता क्या है,यह स्पष्ट नहीं हो सका है। दोनों पक्षों के बीच विवाद का कारण भी पूरी तरह सामने नहीं आया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। इससे पहले अभी हाल में पटना में पति पर अपनी जीवित पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप लगा था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।
























































