भूसा दान करने वाले कृषको को किया गया सम्मानित
रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में निराश्रित गो संरक्षण की समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में गेहूं की कटाई हो चुकी है इस समय हमें भूसा सस्ते दर पर मिल सकता है इसलिए सभी गौशालाओं में छः माह का भूसा का भंडारण सुनिश्चित करा लिया जाए तथा हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता के लिए गोचर भूमि का समुचित उपयोग किया जाए। गौशालाओं के आस-पास गोचर की भूमि को चिन्हित कर उनमें नेपियर घास लगायी जाये, जिससे गोवंशों के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए स्वच्छ पेयजल, जूट/तात के पर्दों, पंखों एवं पानी के छिड़काव के माध्यम से गोवंशों को लू एवं अत्यधिक तापमान से बचाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। बीमार गोवंशों के लिए पृथक सिक वार्ड की व्यवस्था तथा नियमित चिकित्सा निगरानी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त गोशालाओं में स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को प्रेरित किया जाये कि आश्रित गोवंषों को सड़कों पर न छोड़े, निराश्रित गोवंषों को अभियान चलाकर गोशालाओं में संरक्षित किया जाये। बड़े कृषकों को भूसा दान करने हेतु प्रेरित किया जाये।
इस अवसर पर गोशालाओं में भूसा दान करने वाले 10 कृषको को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। जिसमें शशिकांत तिवारी द्वारा गो आश्रय स्थल कोडरा 10 कुंतल, मनीष कुमार गो आश्रय स्थल टिकरा 10 कुन्तल, शिव बक्स सिंह गो आश्रय स्थल कठगर 15 कुंतल, सत्येन्द्र सिंह गो आश्रय स्थल मऊगर्वी 20 कुंतल, राम कुमार त्रिवेदी गो आश्रय स्थल गोविंदपुर बलौली 10 कुंतल, अशोक कुमार एवं नीलम सिंह द्वारा गो आश्रय स्थल रतासो 10-10 कुंतल, लीलावती गो आश्रय स्थल प्यारेपुर 10 कुंतल, अरविन्द सिंह गो आश्रय स्थल पट्टी रहस कैथवल 12 कुंतल एवं निर्मला देवी द्वारा गो आश्रय स्थल कहुआ में 15 कुन्तल भूसा दान किया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ० कुलदीप कुमार द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण व प्रधान, सचिव आदि उपस्थित रहें।































































