रायबरेली : मा0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा के दिशा-निर्देशन में श्रमिकों के विधिक अधिकार विषय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली तहसील सदर के अन्तर्गत बिरला कॉर्पोरेशन रायबरेली में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
इस जागरूकता शिविर में नायब तहसीलदार रमाशंकर मिश्र के द्वारा श्रमिकों हेतु शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गयी। डिप्टी लीगल एड डिफेन्स काउन्सिंल जय सिंह यादव के द्वारा शिविर में उपस्थित श्रमिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरुक करते हुए बताया गया कि यह दिन श्रमिकों के योगदान को याद करने और उनके संघर्षों को सम्मानित करने के लिए भी मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1886 में शिकागो के हेमार्केट स्क्वायर में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की याद में मनाया जाता है, जहां अनेक श्रमिकों ने 8 घंटे के कार्य दिवस की मांग की थी।
इस अवसर पर पराविधिक स्वयं सेवक पवन कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस दिन को मनाने का उद्देश्य मज़दूरों के अधिकारों और उपलब्धियों को उजागर करना है। यह दिवस उचित वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण, उचित कार्य घंटे और शोषण के उन्मूलन की आवश्यकता पर प्रकाश डालता है। यह दिन श्रमिकों के बीच एकता के महत्व और सकारात्मक बदलाव लाने में सामूहिक कार्रवाई की भूमिका पर भी जोर देता है। जागरुकता शिविर में उपस्थित श्रमिकों को जानकारी प्रदान की गयी कि उन्हें कभी भी किसी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर वह ए0डी0आर0 सेन्टर छजलापुर स्थित कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में उपस्थित होकर विधिक सहायता प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त जागरूकता शिविर में पराविधिक स्वयंसेवक मनोज कुमार प्रजापति के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क विधिक सेवाओं के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
इस जागरूकता शिविर मे बड़ी संख्या में श्रमिक व यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी, लेबर आफीसर मान सिंह कुशवाहा, शिवशंकर पाल श्रम परिवर्तन अधिकारी, सिक्योरिटी हेड अमेय विक्रम सिंह, सी0एस0आर0 हेड शिव गोविन्द सिंह व पराविधिक स्वयं सेवक अजीत कुमार उपस्थित रहे।































































