बच्चों के समग्र विकास एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा की दिशा में जनपद की उल्लेखनीय उपलब्धि

0
4

रायबरेली- 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में Rocket Learning एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग के संयुक्त प्रयासों से जनपद रायबरेली में बच्चों के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में प्रत्येक माह आयोजित होने वाली अभिभावक आंगनबाड़ी बैठक के अगस्त माह के मूल्यांकन में रायबरेली जनपद ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जनपद के 99 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावक आंगनबाड़ी बैठक का सफल आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए बच्चों के विकास, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता एवं संवाद किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि इन बैठकों का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास के प्रति जागरूक करना तथा घर एवं आंगनबाड़ी केंद्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। Rocket Learning एवं ICDS विभाग के समन्वित प्रयासों से अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद, सीखने की गतिविधियों तथा उनके सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगस्त माह के मूल्यांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना जनपद के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं/सुपरवाइजरों के निरंतर प्रयास, समर्पण एवं टीमवर्क का परिणाम है। सभी कार्मिकों द्वारा अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए अभिभावकों तक योजनाओं एवं गतिविधियों का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इस उपलब्धि पर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, CDPOs एवं सुपरवाइजरों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के लिए किया जा रहा समर्पित कार्य निश्चित रूप से प्रेरणादायक है। उन्होंने आगे भी इसी प्रकार टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद को बाल विकास एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी बनाए रखने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY