धान की नीलामी द्वारा दिन में दो बार होगी खुली बोली, पारदर्शी तरीके से होगी खरीद

0
23


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों से सीधे धान खरीदने के लिए शासन द्वारा जारी धान क्रय नीति के अनुसार जनपद में पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शासनादेश के खाद्य तथा रसद अनुभाग-4 के प्रस्तर संख्या-17 के प्रावधानों के अनुपालन में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने तथा मूल्य समर्थन योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण ढंग से धान खरीदने के उद्देश्य से मंडियों में नीलामी के माध्यम से खुली बोली लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा मंडियों में बिक्री के लिए लाए गए धान की खुली बोली प्रतिदिन दो बार, पूर्वाह्न 11ः00 बजे और अपराह्न 02ः00 बजे लगाई जाएगी। यह प्रक्रिया मंडी सचिव, क्रय संस्थाओं के केंद्र प्रभारियों तथा उपस्थित व्यापारियों के समक्ष संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता (एफएक्यू) के धान की बोली न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के बराबर अथवा उससे कम आने पर क्रय संस्थाओं द्वारा धान की खरीद की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी तथा इसकी सूचना मंडी समिति द्वारा संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए धान खरीद प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

LEAVE A REPLY