लगभग 88 बीघा भूमि पर प्रस्तावित संस्थान को लेकर अधिकारियों से ली विस्तृत जानकारी

0
5

रायबरेली, 2026
मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह ने आज हरचंदपुर विकासखंड के ग्राम परेड़ा में लगभग 88 बीघा भूमि पर प्रस्तावित प्रदेश के प्रथम उद्यान महाविद्यालय के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि, कृषि शिक्षा, राजस्व एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित संस्थान की प्रगति, निर्माण कार्यों तथा परिसर में विकसित की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मा० मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से भूमि, निर्माण कार्य, संस्थान में प्रस्तावित शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना से संबंधित सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
मा० उद्यान मंत्री ने कहा कि परेड़ा में प्रदेश के प्रथम उद्यान महाविद्यालय की स्थापना रायबरेली ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उद्यान एवं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक ज्ञान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे विद्यार्थियों एवं युवाओं को उद्यान विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में नवाचार एवं अनुसंधान को भी नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्राम परेड़ा उत्तर प्रदेश के प्रथम उद्यान विश्वविद्यालय के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के सपनों को पंख देने के साथ-साथ रायबरेली की शैक्षणिक एवं विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ने का कार्य करेगा।
मा० मंत्री ने कहा कि जनपद में इस प्रकार की महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं कृषि आधारित संस्थाओं की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार, कौशल विकास तथा कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
मा० उद्यान मंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने तथा शासन की मंशा के अनुरूप संस्थान को उत्कृष्ट स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक उद्यान वीरेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय, कृषि वैज्ञानिक के के सिंह सहित शिक्षा, राजस्व एवं उद्यान विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY