जनपद रायबरेली में बाढ़ आपदा से निपटने हेतु मॉक एक्सरसाइज का आयोजन संपन्न

0
38


रायबरेली : उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद रायबरेली में बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की तैयारियों का आकलन करने हेतु मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत जनपद की दो तहसीलों, डलमऊ एवं लालगंज में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों का प्रदर्शन किया गया। तहसील लालगंज (गोगासों) में बाढ़ के दौरान नाव पलटने एवं नदी में व्यक्ति के डूबने की स्थिति में खोज एवं बचाव (Search & Rescue) कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ/एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर स्टेजिंग एरिया तक पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार, ट्रायेज तथा आवश्यकता अनुसार अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
वहीं तहसील डलमऊ (डलमऊ बाढ़ चौकी) में बाढ़ राहत स्वास्थ्य केन्द्र/चिकित्सा शिविर के संचालन का प्रदर्शन किया गया। शिविर में मरीजों के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाओं के वितरण तथा गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्वच्छ पेयजल, संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र द्वारा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि आगामी बाढ़ मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों, उपकरणों एवं मानव संसाधनों को पूर्णतः तैयार रखा जाए तथा विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य आपदा की वास्तविक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा संभावित कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करना है।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ आपदा के दौरान जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम करने हेतु तैयारियों को सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर संबंधित उप जिलाधिकारी एवं जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY