महाराजगंज व सदर तहसील रायबरेली में 161 राहत किट वितरित प्रभावित परिवारों तक पहुंची प्रशासन की राहत

0
27


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र के मार्गदर्शन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा जलभराव से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में महाराजगंज तहसील के ग्राम मून एवं कोटवा मदनिया तथा सदर तहसील के ग्राम लोधीपुर, खुर्राट एवं दीवान का पुरवा में जलभराव से प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा कुल 161 राशन किट/ राहत सामग्री वितरित की गईं। राशन किट/ राहत सामग्री के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य एवं दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें तत्काल सहायता प्रदान की गई।
जिला प्रशासन द्वारा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही हैं तथा जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने और उसका वितरण सुनिश्चित कर रही हैं।
सदर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी गौतम सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय सहित राजस्व विभाग की टीम द्वारा राहत एवं सहायता कार्यों में सक्रिय सहभागिता की जा रही है। टीमों द्वारा प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही है तथा आवश्यकतानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

LEAVE A REPLY