जिला रायबरेली में पोषण समिति एवं जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

0
45



रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित पोषण एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों, निर्माणाधीन परियोजना कार्यालयों, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों, पोषण वाटिका तथा सैम (गंभीर कुपोषित) बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए इनके संचालन एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों एवं पोषण वाटिकाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पोषण संबंधी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों एवं सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सैम बच्चों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण संबंधी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से उन्हें कुपोषण से बाहर लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उनकी स्थिति में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, जहां पर सैम बच्चों की संख्या अधिक है वहां पर समीक्षा की जाए कि क्या कारण है, और उसका क्या उपाय है।
इसके पश्चात जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक भी सम्पन्न हुई। बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। उन्होंने बाल अधिकारों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विषय शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। अतः संबंधित विभागीय अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिलने में बाधा न आने दें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY