मा० उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को वितरित किए प्रमाण

0
45


रायबरेली : मा० मुख्यमंत्री उ०प्र० योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज लखनऊ में 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में रु० 148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति का अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जनपद स्तरीय ‘छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ का आयोजन सामुदायिक केन्द्र रतापुर में किया गया, जिसमें मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता उपस्थित रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मा० उद्यान मंत्री द्वारा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को छात्रृत्ति के प्रमाण पत्र वितरण किया गया। छात्रृत्ति वितरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री जी के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा देखा गया तथा मा० मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना गया।
कार्यक्रम में जनपद के अनु०जाति के कक्षा 9-10 के 1747 छात्र/छात्राओ को 24.46 लाख, अनु० जाति के कक्षा 11-12 के 1391 छात्र/छात्राओ को 41.90 लाख, सामान्य वर्ग के कक्षा 9-10 के 608 छात्र/छात्राओ को 18.24 लाख, सामान्य वर्ग के कक्षा 11-12 के 460 छात्र/छात्राओ को 13.92 लाख, अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 9-10 के 2748 छात्र/छात्राओ को 61.83 लाख, अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 11-12 के 2163 छात्र/छात्राओ को 59.70 लाख कुल जनपद के 9117 छात्र/छात्राओ को रू० 220.05 लाख की धनराशि छात्र/छात्राओ के आधार लिंक बैंक खाते में प्रेषित की गयी।
इस अवसर पर मा० मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। शिक्षा किसी भी व्यक्ति और समाज के विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिले। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।
मा० उद्यान मंत्री ने छात्र-छात्राओं से कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि यह आपके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार के विश्वास और आपकी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। आप मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा जनपद का नाम रोशन करें और भविष्य में देश एवं प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। हमारे युवा ही विकसित एवं सशक्त भारत की नींव हैं। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, कौशल, नवाचार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी आवश्यक है। आज जिन छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त हो रही है, उन्हें एक बार पुनः बहुत-बहुत बधाई। मेरी शुभकामना है कि आप सभी अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज तथा राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह सहित अन्य अधिकारी व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।

LEAVE A REPLY