श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में भारतीय टीम से सभी को जीत हासिल करने की उम्मीद थी,

0
7

लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी सोनल दिनुशा की शतकीय पारी ने फेर दिया। इस टेस्ट के ड्रॉ होने पर टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल का भी बड़ा बयान सामने आया। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के ड्रॉ पर खत्म होने के साथ टीम इंडिया 1-0 से इसे जीतने में तो कामयाब रही लेकिन श्रीलंकाई टीम ने जिस तरह से कोलंबो टेस्ट में खेला उसने सभी को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट को भारतीय टीम ने जिस तरह से अपने नाम किया था उसके बाद सभी को उनसे दूसरे मैच में भी जीत की उम्मीद थी और इस मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका की हार भी तय दिख रही थी। हालांकि 5वें दिन के खेल में श्रीलंकाई टीम ने जिस तरह से बल्लेबाजी प्रदर्शन दिखाया उससे वह मुकाबले को ड्रॉ कराने में कामयाब रहे। इस मैच के ड्रॉ पर खत्म होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल का भी बयान सामने आया जिसमें उन्होंने यह माना कि श्रीलंकाई टीम ने काफी शानदार खेल दिखाया जिससे चलते वह इस मैच को ड्रॉ कराने में कामयाब रहे।

हम रिजल्ट निकालने के लिए कुछ अलग नहीं कर सकते थे

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कोलंबो टेस्ट मैच के खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत करते हुए कहा कि हम इस मैच में रिजल्ट निकालने के लिए कुछ अलग नहीं कर सकते थे। सच कहूं तो कुछ नहीं। हमने लगातार तीन दिन तक लगभग 250 ओवर फील्डिंग की और हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। उन्होंने शानदार खेल दिखाया जिसमें मुझे लगता है कि बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा खेला और उनके पास काफी हुनर ​​था जिसमें थोड़ी किस्मत भी उनके साथ थी। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे। हमारे लिए बहुत सी अच्छी बातें रहीं यहां तक कि विरोधी टीम से भी सीखने को मिला। जिस दबाव में वह थे और जिस तरह से उन्होंने वापसी की वह देखना जबरदस्त था। इससे हमें पता चलता है और हम लंच और टी-ब्रेक के समय बात भी कर रहे थे कि हम शायद कुछ अलग नहीं कर सकते थे। लेकिन इस सीरीज में हमारे लिए बहुत सी सकारात्मक चीजें रहीं।

WTC फाइनल में अभी भी पहुंचने की उम्मीद

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट के ड्रॉ पर खत्म होने से भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया अभी भी 5वीं पोजीशन पर है जिसमें उनके लिए अब फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी कम हो गई हैं। इसको लेकर कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अभी हमें नवंबर महीने में न्यूजीलैंड के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलनी है और उसके बाद घर पर एक सीरीज खेलेंगे। ऐसे में हमारी कोशिश इन दोनों ही सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने की रहने वाली है ताकि फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा जा सके।

LEAVE A REPLY