सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल सहित 12 सीएचसी पर लगे रक्तदान शिविर

0
32


रायबरेली : सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में जिला अस्पताल सहित 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर एक से 17 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान और रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित इन शिविरों में 142 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। यह जानकारी शनिवार को प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाओं, सर्जरी, गंभीर बीमारियों के उपचार और प्रसव संबंधी जटिलताओं के दौरान रक्त की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर कमजोरी आने, खून की कमी होने और महिलाओं के रक्तदान न कर पाने जैसी कई भ्रांतियां प्रचलित हैं। सही जानकारी और जागरूकता के जरिए इन भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने स्वस्थ और पात्र लोगों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने के साथ ही समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान भी है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी तथा रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष डी.एस. अस्थाना ने बताया कि प्रसव के दौरान या उसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर महिला को तत्काल रक्त या रक्त उत्पादों की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा गर्भावस्था में गंभीर एनीमिया और प्रसव संबंधी जटिलताओं के कारण भी रक्त चढ़ाने की आवश्यकता हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना मां की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव राकेश कुमार यादव मौजूद रहे।

रक्तदान के लिए जरूरी पात्रता

     आयु: सामान्यतः 18 से 65 वर्ष। पहली बार रक्तदान करने की अधिकतम आयु और नियमित रक्तदाताओं के लिए पात्रता संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित होती है।
      वजन: रक्तदान के लिए न्यूनतम वजन रक्त की निर्धारित मात्रा और लागू दिशा-निर्देशों पर निर्भर करता है। 350 मिलीलीटर रक्तदान के लिए सामान्यतः कम से कम 45 किलोग्राम तथा 450 मिलीलीटर रक्तदान के लिए कम से कम 55 किलोग्राम वजन आवश्यक होता है।
      हीमोग्लोबिन: कम से कम 12.5 ग्राम प्रति डेसीलीटर होना चाहिए।
      स्वास्थ्य: रक्तदाता का सामान्य स्वास्थ्य अच्छा होना चाहिए। रक्तदान से पहले हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, नाड़ी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच के बाद पात्रता तय की जाती है।

LEAVE A REPLY