जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु स्वास्थ्य दिवस पर निजी चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम में चलाया गया स्वगणना जागरूकता अभियान

0
55


रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) / जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना जागरूकता अभियान के तहत आज स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जनपद रायबरेली के विभिन्न निजी चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान के अंतर्गत जनगणना कंट्रोल रूम के मास्टर ट्रेनर एवं फील्ड ट्रेनर द्वारा विभिन्न निजी चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम का भ्रमण कर वहां कार्यरत चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा अन्य कर्मचारियों को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया एवं उसके महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज कर सकते हैं।
जागरूकता अभियान के क्रम में गीता शर्मा नर्सिंग होम, नीलकंठ नर्सिंग होम, संजीवनी नर्सिंग होम, गुरु प्रसाद मेमोरियल, उर्जित हॉस्पिटल, अक्षत क्लिनिक, श्री कृष्णा नर्सिंग होम, यशोदा नर्सिंग होम, देवती बी.के. मेमोरियल हॉस्पिटल, आराध्या हॉस्पिटल सहित जनपद के विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्वगणना की प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही सभी से स्वयं स्वगणना करने तथा अपने परिवार, परिचितों, सहकर्मियों एवं आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की गई।
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जनपद के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना के प्रति व्यापक जागरूकता एवं जनसहभागिता से जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। इसी उद्देश्य से जनपद में विभिन्न विभागों, संस्थानों एवं सामाजिक क्षेत्रों के माध्यम से निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY