रायबरेली। समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता पूनम सिंह ने शुक्रवार को अमावां ब्लाक क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लगभग आधा दर्जन गांवों का दौरा कर पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। पूनम सिंह कार्यकर्ताओं के साथ नाव में सवार होकर ओनाई जंगल (ग्राम सभा पूरे गुमान, पूरे गोपाली), पिंडारी कलां (ग्राम सभा लोदीपुर, पूरे दीवान) और ग्राम सभा बघई (पूरे महादेवन, अहलवार) पहुंचीं और लोगों का हाल जाना।
बाढ़ के बिगड़े हालातों पर चिंता जताते हुए पूनम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में स्थिति बेहद दयनीय है। हजारों बीघा फसल पूरी तरह तबाही के कगार पर है और घरों में पानी भरने से खाने-पीने का संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित है।
10 साल से नाले की सफाई न होने से बने बाढ़ के हालात
पूनम सिंह ने इस स्थिति के लिए सीधे तौर पर शासन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों से स्थानीय नाले की सफाई नहीं कराई गई है। शिवगढ़ ड्रेन से आने वाले पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव और कटान हुआ, जिससे पानी किसानों के खेतों और घरों में घुस गया। यदि समय रहते सफाई कराई गई होती, तो यह नौबत न आती।
“पीड़ितों के साथ मेरा दिल का रिश्ता”
पूर्व विधायक स्वर्गीय अखिलेश सिंह के योगदान को याद करते हुए पूनम सिंह ने कहा कि बछरावां विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इन गांवों के लोग आज भी उनके परिवार को याद कर भावुक हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों के साथ उनका दिल का रिश्ता है और इस विपत्ति की घड़ी में वे आगे भी हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेंगी।
इस दौरान थुलवासा के वरिष्ठ सपा नेता अवधेश यादव, ओनई जंगल के ग्राम प्रधान परमेश्वर यादव, पूर्व प्रधान मंजू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






























































