रायबरेली 2026,
जनपद में लगातार हो रही वर्षा एवं नहर के पानी के ओवरफ्लो होने के कारण सदर तहसील क्षेत्र के अमावां विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोधीपुर में कुछ परिवारों के घरों में पानी प्रवेश कर गया। जलभराव के कारण गांव के लगभग 5 से 6 परिवारों के सामने अपने बच्चों एवं महिलाओं सहित सुरक्षित रहने की समस्या उत्पन्न हो गई। स्थिति की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।
सूचना मिलते ही एसडीएम सदर गौतम सिंह के नेतृत्व में खण्ड विकास अधिकारी संदीप सिंह सहित तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम सदर ने स्वयं ट्रैक्टर के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिवार को असुविधा न होने पाए और सभी प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए।
तहसील प्रशासन द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं अन्य प्रभावित सदस्यों सहित 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित रूप से शेल्टर होम पहुंचाया गया। शेल्टर होम में उनके ठहरने, भोजन एवं पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गईं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम सदर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए लोगों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि जलभराव की स्थिति में घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सुरक्षित आश्रय स्थलों का उपयोग करें।
तहसील प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका। प्रशासन द्वारा किए गए इस मानवीय एवं तत्पर प्रयास के लिए लोधीपुर के ग्रामीणों एवं प्रभावित परिवारों ने तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।






























































