आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों को उससे जोड़ने के दिए गए निर्देश

0
41

डीएम की अध्यक्षता में (आत्मा) शासी निकाय एवं प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी (आत्मा) की शासी निकाय एवं प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों तक शासन की सभी कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, संतुलित उर्वरक प्रयोग, सूक्ष्म सिंचाई, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा यंत्रीकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कृषि गोष्ठियों, फसल प्रदर्शन, भ्रमण कार्यक्रमों तथा तकनीकी जागरूकता अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को इन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, ताकि वे नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि कर सकें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनपद की भौगोलिक एवं कृषि परिस्थितियों के अनुरूप फसल विविधीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), महिला स्वयं सहायता समूहों एवं प्रगतिशील किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे किसानों को एकीकृत एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ० कुलदीप द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय सहित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा आत्मा योजना से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY