सलिल अंकोला ने 1989 में सचिन तेंदुलकर के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया

0
4

क्रिकेट बेशक प्रतिभा का खेल है, लेकिन इसमें शारीरिक फिटनेस और थोड़ी सी किस्मत का साथ ना हो तो बड़े से बड़ा प्रतिभावान क्रिकेटर भी अर्श से फर्श तक कब चला जाता है पता भी नहीं चलता। आज हम आपको एक ऐसे ही क्रिकेटर की कहानी बता रहे हैं, जिसने सचिन तेंदुलकर के साथ साल 1989 में डेब्यू किया, लेकिन एक ही टेस्ट मैच में करियर सिमटकर रह गया। वनडे क्रिकेट में कुल 20 मैच खेले, लेकिन जिंदगी ने उनके साथ जो खेल दिखाया इसके कारण कभी भी अपनी प्रतिभा से न्याय नहीं कर पाए। परिस्थितियों के कारण 28 साल की उम्र में ही उन्हें क्रिकेट को अलविदा कहना पड़ा और अब जिंदगी के अगले पड़ाव में भी आलम ये है कि अवसादों से जूझना पड़ रहा है। हालात अब सामान्य हैं, लेकिन उतने नहीं, जितने किसी सामान्य स्वस्थ व्यक्ति के होते हैं। करांची का ऐतिहासिक टेस्ट मैच और करियर समाप्त

हम बात कर रहे हैं सलिल अंकोला की। एक ऐसा क्रिकेटर जिसमें भारत का बड़ा गेंदबाज बनने की काबिलियत थी। एक बेहतर ऑलराउंडर के रूप में खुद को स्थापित करने का मौका था, लेकिन चोटों का ऐसा दौर शुरू हुआ कि वे कभी बड़ी उपलब्धियों को वरण नहीं कर सके। साल था 1989 का और तारीख थी 15 नवंबर। चार युवा क्रिकेटरों ने कराची के राष्ट्रीय स्टेडियम में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की। इनमें से एक 16 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी था, जिसका नाम आगे चलकर क्रिकेट के साथ अटूट रूप से जुड़ गया। वे क्रिकेट के भगवान कहलाए। दूसरा 18 वर्षीय पाकिस्तानी तेज गेंदबाज था जो आगे चलकर रिवर्स स्विंग का बादशाह बना। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैच खेले और 15,921 रन बनाए। वकार यूनिस ने 87 टेस्ट मैच खेले, 373 विकेट लिए और पाकिस्तान के महान खिलाड़ियों में शुमार हुए। लेकिन कराची के उस मैच में क्रिकेट के दो बिल्कुल विपरीत छोरों पर खड़े दो खिलाड़ियों का करियर भी शुरू हुआ था। दूसरे पाकिस्तानी डेब्यू करने वाले खिलाड़ी शाहिद सईद ने फिर कभी टेस्ट मैच नहीं खेला। भारत के नए चेहरों में से एक के साथ भी यही वाकया रिपीट हुआ। यह अटल सत्य है कि सलिल अंकोला ने सिर्फ एक ही टेस्ट मैच में हिस्सा लिया, जो सचिन तेंदुलकर और वकार यूनिस का भी डेब्यू मैच था। 21 साल की उम्र में, यह सोचना मुश्किल था कि उनका पहला टेस्ट मैच ही उनका आखिरी मैच होगा, लेकिन नियति को यही मंजूर था।

LEAVE A REPLY