रायबरेली में 28 एवं 29 अक्टूबर को प्रतिकूल मौसम की संभावना, सभी संबंधित अधिकारी रहें सतर्क: अपर जिलाधिकारी

0
30


रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार 28 एवं 29 अक्टूबर, 2026 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तेज झोंकेदार हवाओं, गर्जन-चमक, वज्रपात एवं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसके दृष्टिगत जनपद में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती उपाय तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि समस्त उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित कर्मियों को सतर्क रखें तथा लाउडस्पीकर युक्त वाहनों के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनी एवं सुरक्षा उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से भी आमजन को जागरूक किया जाए।
आमजन को सलाह दी जाए कि तेज हवाओं, गर्जन-चमक एवं आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों, विद्युत खंभों, जलाशयों तथा जर्जर भवनों से दूर रहें और सुरक्षित पक्के भवनों में आश्रय लें। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने तथा स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य केंद्रों, चिकित्सकीय टीमों एवं एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त कृषि एवं पशुपालन विभाग को किसानों और पशुपालकों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग को जोखिम वाले स्थलों पर सतर्कता बरतने तथा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रसारित कराने को कहा गया है। जिला सूचना अधिकारी को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि, मकान अथवा फसल क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा जिला प्रशासन को सूचित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक संसाधनों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करें, जिससे संभावित प्रतिकूल मौसम के दौरान जन-धन की सुरक्षा की जा सके।

LEAVE A REPLY