खुद तमिलनाडु के चीफ मिनिस्टर विजय ने उन्हें चेक भेंट किया. उनके अलावा अन्य क्रिकेटरों को भी प्राइज मनी मिली है एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन जब इस सफलता के साथ लाखों-करोड़ों रुपये का इनाम भी मिले, तो खुशी और ज्यादा हो जाती है. जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया. इसके बाद खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकारों ने नकद इनाम देने का ऐलान किया. इसमें वॉशिंगटन सुंदर को 75 लाख रुपये, जबकि उत्तर प्रदेश की दीप्ति शर्मा को 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा हुई.
भारतीय पुरुष टीम ने 3 अक्टूबर को फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं, महिला टीम ने श्रीलंका को 147 रन से मात दी. दोनों टीमों की जीत के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ उन्हें मिलने वाले इनाम की भी चर्चा होने लगी. वॉशिंगटन सुंदर को मिले 75 लाख रुपये
तमिलनाडु सरकार ने भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के लिए 75 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने 3 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में सुंदर ने गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर 2 विकेट लिए. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 211 रन बनाए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना सकी.
दीप्ति शर्मा को मिले 3 करोड़ रुपये
भारतीय महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई. श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में दीप्ति ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 रन देकर 3 विकेट लिए. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 69 रन पर सिमट गई.
विप्रज निगम को भी 3 करोड़ का इनाम
उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय पुरुष टीम के खिलाड़ी विप्रज निगम के लिए भी 3 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया. वो गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे. इस तरह एशियन गेम्स में क्रिकेट की सफलता के बाद वॉशिंगटन सुंदर, दीप्ति शर्मा और विप्रज निगम को राज्य सरकारों से नकद इनाम देने की घोषणा की गई.






























































