ऊँचाहार तहसील में एग्रीस्टैक योजना के तहत ‘ई-खसरा पड़ताल’ का प्रशिक्षण आयोजित

0
72



रायबरेली : एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत ई-खसरा पड़ताल (डिजिटल क्रॉप सर्वे – DCS) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तहसील सभागार ऊँचाहार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार अभय प्रताप सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में राजस्व, कृषि, पंचायती राज और ग्राम्य विकास विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।
​प्रशिक्षण के दौरान तहसील मास्टर ट्रेनर शिव प्रसाद चौरसिया ने प्रथम पाली (सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे) में रोहनिया व जगतपुर ब्लॉक और द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 से शाम 5:00 बजे) में ऊँचाहार ब्लॉक के सर्वेयरों को एग्रीस्टैक मोबाइल ऐप के प्रयोग की बारीकियां सिखाईं। इस प्रशिक्षण में राजस्व विभाग के लेखपाल, कृषि विभाग के टीएसी, बीटीएम व एटीएम, पंचायतीराज विभाग के पंचायत सहायक तथा ग्राम्य विकास विभाग के ग्राम रोजगार सेवक शामिल हुए।
​वर्ष में तीन बार होगा डिजिटल सर्वे
ई-खसरा पड़ताल का कार्य वर्ष में तीन बार—खरीफ, रबी और जायद सीजन में किया जाता है। सर्वेयर प्रत्येक खेत (गाटा) पर व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रविष्टि करेंगे। इससे यह सटीक जानकारी मिलेगी कि किसान ने किस गाटे और कितने क्षेत्रफल में कौन सी फसल बोई है। सर्वे पूर्ण होते ही किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज के जरिए इसकी सूचना भी भेजी जाएगी।
​24 अगस्त से शुरू होगा खरीफ सर्वे
कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ पवन कुमार मौर्य ने तहसील क्षेत्र के किसानों से इस अभियान में कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस सर्वे से तहसील स्तर पर बोई गई फसलों के सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शिता से पहुंचेगा। खरीफ सीजन का यह डिजिटल सर्वे 24 अगस्त से 8 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।

LEAVE A REPLY