पुलिस और प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। एक तरफ जहां बिल्डिंग के मालिक और उसके परिवार के लोगों को गिरफ्तार किया गया है, तो दूसरी तरफ MCD के अफसरों पर भी गाज गिरी है। दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे में पांच छात्रों समेत 7 लोगों की जान चली गई। मामले में सरकार से लेकर पुलिस तक फुल एक्शन में है। पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरसात में जेल भेज दिया गया, जबकि हरिराम के बेटे महेश को दो दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। हरिराम के बेटे को पुलिस कस्टडी में इसलिए भेजा गया है, क्योंकि वही सत्यनिकेतन इलाके में अपने हॉस्टल का मैनेजमेंट देखता था।
इधर, दिल्ली सरकार भी एक्शन मोड में है। MCD के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि सत्य निकेतन में जहां इमारत गिरी, उसके आसपास नॉर्थ कैंपस, लक्ष्मीनगर, मुनिरका जैसे वो इलाके हैं जहां इसी तरह पतली-पतली गलियों में दरबे की तरह हॉस्टल और पीजी बने हुए हैं। इनमें छात्र रहने को मजबूर हैं। दिल्ली में 76 लाख सेंसस मकान हैं, लेकिन MCD अभी सिर्फ 28 लाख का ऑडिट कर पाई है। कल गिराई जाएगी बगल वाली इमारत
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया, वे शव लेकर दिल्ली से जा चुके हैं; सरकार ने सभी जरूरी इंतज़ाम किए थे और हम सभी माता-पिता के संपर्क में हैं। ठीक बगल में एक और इमारत है, वह इमारत खतरनाक है; उसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। उसे कल गिराया जाना है।” सीएम रेखा गुप्ता ने घायलों से की मुलाकात
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं घायल बच्चों से मिली हूं। 12 लोगों को घायल हालत में बाहर निकाला गया था; उनमें से सात की मौत हो चुकी थी। उन सात लोगों में से दो मजदूर थे। एक मजदूर यहां भर्ती है और अभी उसकी हालत ठीक है; उसके पैर में गंभीर चोट है जिसका इलाज चल रहा है। यहां भर्ती दो बच्चे पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें आज छुट्टी दे दी जाएगी। एक बच्चा ICU में है; उसकी हालत ज़्यादा गंभीर है और वहां उसका इलाज चल रहा है। मैं उनके माता-पिता से भी मिली हूं; हालात को देखते हुए हमने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उन्हें सबसे अच्छा मेडिकल इलाज दिया जाएगा और सरकार पूरी मदद और सहायता करेगी। हम इन बच्चों और मजदूरों के परिवारों को आर्थिक मदद भी देंगे।” घायलों से मिलने AIIMS पहुंचीं रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में घायल लोगों से मिलने AIIMS पहुंचीं। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई थी।

























































