शिव महापुराण कथा के एक दिन पूर्व निकाली जाएगी भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह

0
31

रायबरेली। प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे ने 11 से 17 सितंबर तक चड़रई टोल प्लाजा के निकट आयोजित होने वाली भव्य शिव महापुराण कथा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कथा स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं के प्रत्येक पहलू की जानकारी ली तथा प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एनटीपीसी ऊंचाहार में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए तत्काल अपने-अपने दायित्वों में जुट जाने को कहा।
कथा स्थल पर अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा जी द्वारा शिव महापुराण की कथा सुनाई जाएगी। कथा के लिए विशाल और ऐतिहासिक पंडाल लगभग तैयार हो चुका है। कथा शुरू होने में अभी कुछ दिन शेष हैं, लेकिन श्रद्धालुओं का आवागमन अभी से शुरू हो गया है। रायबरेली के साथ-साथ आसपास के जनपदों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
10 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व 10 सितंबर को भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली जाएगी। रामचंद्रपुर स्थित लखपेड़ा बाग से शुरू होने वाली यह यात्रा बाबूगंज के निकट चणरई टोल प्लाजा स्थित कथा स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी प्रस्तावित है।
आयोजकों के अनुसार कलश यात्रा में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कलश यात्रा के अगले दिन 11 सितंबर से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा।
श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह
शिव महापुराण कथा को लेकर रायबरेली और आसपास के जिलों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग कथा में शामिल होने के लिए अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर रहे हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालु होटल एवं लॉज में ठहरने की व्यवस्था भी पहले से कर रहे हैं।
धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री तथा न्यायिक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है।
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है और चणरई टोल प्लाजा के निकट होने वाला यह धार्मिक आयोजन रायबरेली के लिए एक बड़े आध्यात्मिक समारोह के रूप में सामने आने की संभावना है।

LEAVE A REPLY