डीएम की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
40

विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं की प्रगति में सुधार तथा विभागीय लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए गए निर्देश


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्यों से संबंधित) पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों तथा सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग एवं प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों को केवल रैंकिंग के दृष्टिकोण से न देखा जाए, बल्कि योजनाओं के वास्तविक धरातलीय प्रभाव को सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें कारणों की समीक्षा कर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाए। निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के साथ ही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। साथ ही, सीएम डैशबोर्ड पर फीड किए जाने वाले आंकड़ों एवं सूचनाओं की शुद्धता, अद्यतन स्थिति एवं प्रमाणिकता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से उनके विभाग से संबंधित कम प्रगति वाले बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY