बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपने दिवाली लुक को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है। दरअसल, करीना ने दिवाली के मौके पर एक शाही पेंडेंट पहना था, जिस पर कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’ लिखी हुई है। इसे लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज और मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अभी तक करीना की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कैसा था करीना कपूर का दिवाली लुक?
करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर दिवाली सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना के बेज रंग के कफ्तान में नजर आई थीं। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी पहनी थी, जिस पर एक खूबसूरत कलगी लगी हुई थी। खास बात यह है कि यह वही कलगी थी, जिसे करीना के पति और अभिनेता सैफ अली खान ने अपनी शादी के दिन पहना था। करीना ने अपने लुक को पूरा करने के लिए 30 कैरेट के पन्ने (एमराल्ड) वाला एक खास पेंडेंट भी पहना था
पेंडेंट में ऐसा क्या था, जिस पर हुआ विवाद?
दरअसल, करीना के इस पेंडेंट पर कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’ उकेरी गई है। यह पवित्र कुरान के दूसरे अध्याय ‘सूरह अल-बकरा’ की 255वीं आयत है। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इंस्टाग्राम पर उनके लुक की जानकारी देते हुए लिखा था, ‘करीना ने पुनीत बलाना का डिजाइन किया हुआ चांदी का कफ्तान और पगड़ी पहनी है। इसके साथ उन्होंने भोपाल के नवाब की 200 साल पुरानी कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पहना है, जिस पर आयतुल कुर्सी उकेरी गई है।’
करीना के पास कैसे पहुंचा भोपाल की बेगम का पेंडेंट?
रिया कपूर ने अपनी पोस्ट में बताया था कि ये गहने भोपाल के शाही परिवार की विरासत का हिस्सा हैं। ये सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचे हैं। दरअसल, सैफ की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी शासक नवाब की बेटी थीं। इसी वजह से भोपाल के शाही परिवार से जुड़े ये ऐतिहासिक गहने सैफ के परिवार की विरासत का हिस्सा हैं।
करीना ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में क्या लिखा था?
करीना ने अपने लुक की तस्वीरें पोस्ट कर कैप्शन में लिखा था, ‘दिवाली का मतलब है परंपराओं को सही तरीके से निभाना।’
करीना कपूर और सैफ अली खान की शादी
सैफ अली खान ने 1991 में अमृता सिंह से शादी की थी। दोनों 13 साल तक साथ रहे और फिर साल 2004 में दोनों अलग हो गए। फिर साल 2012 में करीना ने सैफ से शादी की। आज दोनों की शादी को 14 साल हो गए हैं।


























































