उम्मीद से अधिक महंगाई ने सोने की चमक फीकी कर दी। अमेरिका में महंगाई के तेज आंकड़े और फेडरल रिजर्व अधिकारियों के सख्त रुख के बाद सोने पर दबाव बढ़ा है। बाजार में दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद पहले से ही बनी हुई है। अमेरिकी शुरुआती कारोबारी घंटों में सोना 1.2% तक गिरकर $4,000 प्रति औंस के नीचे आ गया। इस बीच डॉलर मई 2025 के बाद अपने सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया। सोने का भाव 1% गिरकर $3,984.15 प्रति औंस रहा। अगर इसका इंपैक्ट घरेलू मार्केट पर पड़ा तो यहां भी सोने के भाव में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
जहां तक घरेलू मार्केट की बात करें तो बुधवार रात एमसीएक्स पर 10 ग्राम गोल्ड 0.57 प्रतिशत गिरकर 139730 रुपये पर बंद हुआ था। जबकि, चांदी मामूली तेजी के साथ 184622 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट हाजिर सोना बिना जीएसटी 140603 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, चांदी 185900 रुपये किलो पर बंद हुई।
बता दें एमसीएक्स पर भाव पल-पल बदलता रहता है। जबकि, सर्राफा बाजारों में दोपहर और शाम को तय होते हैं। यहां सोने-चांदी के दाम एमसीएक्स से अलग होते हैं। उनपर जीएसटी, लोकल टैक्स और ज्वेलरी मेंकिंग चार्ज भी जुड़े होते हैं।
सोना क्यों गिरा?
सोने की कीमतों में गिरावट की कई वजह हैं। पहला अमेरिका में महंगाई उम्मीद से तेज निकली। दूसरा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने सख्त रुख दिखाया है। ट्रेडर्स अब दिसंबर में 0.25% ब्याज दर बढ़ने को लगभग तय मान रहे हैं। 0.50% बढ़ोतरी की भी छोटी संभावना है। तीसरा डॉलर इंडेक्स का बढ़ना।
बता दें ब्याज दरें बढ़ने से सोना कम आकर्षक हो जाता है, क्योंकि सोने पर ब्याज नहीं मिलता। डॉलर मजबूत होने से सोना दूसरे देशों के खरीदारों के लिए महंगा हो जाता है।
$4,000 का लेवल क्यों अहम?
ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक, कई दबावों के बावजूद सोना ज्यादातर $4,000 प्रति औंस के ऊपर टिका रहा है। इससे लगता है कि खरीदार इस लेवल को अहम सपोर्ट मान रहे हैं। केंद्रीय बैंकों की खरीदारी भी जारी है, हालांकि महंगाई और सख्त मौद्रिक नीति की उम्मीदें नजदीकी परिदृश्य पर दबाव डाल रही हैं।
फेड अधिकारी ने क्या कहा?
शिकागो फेड के चेयरमैन ऑस्टन गूल्सबी ने अक्टूबर की महंगाई रिपोर्ट को “बॉर्डरलाइन डिस्टर्बिंग” यानी परेशान करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि महंगाई की असली समस्या पैदा हो रही है, और इससे निपटना होगा।


























































