दीपावली : दीपावली के पावन पर्व पर पटाखों और आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण पर उठ रहे सवालों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों और आलोचकों पर कड़ा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में इस पावन पर्व पर आतिशबाजी को लेकर किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा और जनता को पूरे हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाना चाहिए।
प्रदूषण के मुद्दे पर आलोचकों को जवाब
दिवाली पर आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण बढ़ने की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पर्व साल में केवल एक बार आता है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “बहुत से लोग कह रहे हैं कि पटाखों से प्रदूषण हो गया है। अगर प्रदूषण हुआ भी है, तो वह समय के साथ समाप्त भी हो जाएगा, इसकी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जनता ने बहुत धूम-धड़ाके के साथ दीपावली मनाई, यह अच्छा किया और इससे खूब आनंद आया।”
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्षी दलों और पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अपने कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और समाज को बांटने वाली राजनीति से पूरे तंत्र को प्रदूषित किया, उन पर कोई सवाल नहीं उठाता। सीएम योगी के अनुसार जब समाज में कुछ गलत होता है, तो ये लोग उन मुद्दों पर चुप्पी साधे रहते हैं, लेकिन जैसे ही कोई सनातन पर्व आता है, तो इन्हें प्रदूषण की याद आने लगती है। पटाखों से वातावरण उतना प्रदूषित नहीं होता, जितना पिछली सरकारों ने माफियाओं और भ्रष्टाचार के जरिए फैलाया था।”
अयोध्या दीपोत्सव का किया उल्लेख
अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं वहां की आतिशबाजी और उत्सव में शामिल हुए थे। उन्होंने दोहराया कि सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि दीपावली के उत्सव पर कोई रोक नहीं होगी।



























































