रायबरेली : जनपद रायबरेली में आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान गणना कार्यक्रम से पहले चलाए जाने वाले स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए आज मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह स्वगणना अभियान 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। बैठक में जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों के साथ अभियान की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से न केवल स्वयं स्वगणना करें, बल्कि आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वगणना प्रक्रिया में भाग ले।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया है कि जनगणना 2027 के अंतर्गत पहली बार उच्च प्राथमिकता वाली व्यवस्था स्वगणना (एसई) प्रचलन में लायी गयी है, जिसमे स्वगणना को अभियान स्वरूप व्यवहृत किया जाना है। जनपद रायबरेली में 7 मई 2026 से 21 मई 2026 (15 दिन) के दौरान स्वगणना अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक विभाग के प्रमुख को पहले दिन (7 मई 2026 को) स्वयं अपनी स्थिति का ब्यौरा देना है और अपने अधीनस्थ समस्त कर्मचारियों को ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। सार्वजानिक रूप से स्वयं जनगणना करने वाले अधिकारी-कर्मचारी जनता के लिए एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि 07 मई से पहले कार्ययोजना बनाते हुए सर्व सम्बंधित को यथासमय सूचित कर निर्धारित दायित्वों के क्रम में स्वगणना अभियान को उत्साहपूर्वक पूरा कराया जाना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रचार-प्रसार के दौरान लोगों को संभावित ऑनलाइन या फोन आधारित स्कैम से भी सतर्क किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वगणना के नाम पर किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचाव के लिए जनसामान्य को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में सभी अधिकारियों ने समन्वित प्रयासों के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। प्रशासन का लक्ष्य है कि स्वगणना अभियान के माध्यम से अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, जिला विकास अधिकारी अरूण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अरविन्द कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी बृजेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर अरूण कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी व विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।































































