रायबरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज़ादी के 80 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पूनम सिंह ने कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद रायबरेली के मालिकमऊ स्थित अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह स्मृति द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में शहीद गेट पर भी ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर पूनम सिंह ने अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह की मां एवं पत्नी चांदनी को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने भविष्य में भी शहीद परिवार को हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संयोजक अरविंद केवट को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूनम सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा याद दिलाता है।
उन्होंने सभी से एक सशक्त, एकजुट और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।



























































