रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उद्योगों से संबंधित समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के संचालन एवं स्थापना में अनावश्यक कठिनाई न हो तथा उद्यमियों को शासन की मंशा के अनुरूप आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बंधु की बैठकों में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका नियमानुसार निस्तारण कराया जाए। साथ ही जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की आवश्यकता हो, उनमें आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा जनपद में औद्योगिक गतिविधियों एवं उद्योग बंधु से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मामलों में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, उपायुक्त राज्यकर परमहंस श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
































































