डीएम की अध्यक्षता में विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु नोडल अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न

0
37


रायबरेली :जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निर्वाचन की तैयारियों, मतदान कार्मिकों की रवानगी, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लखनऊ खण्ड स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 29,261 मतदाता एवं 41 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार, लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 4,384 मतदाता एवं 20 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सम्पन्न कराने के लिए जनपद में कुल 61 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान दिवस 23 अक्टूबर 2026 निर्धारित है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को जनपद लखनऊ में सम्पन्न होगी। मतदान प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 22 अक्टूबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, रायबरेली के मैदान से संबंधित मतदान कार्मिकों एवं पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 06 जोनल मजिस्ट्रेट एवं 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों का समुचित पर्यवेक्षण करें तथा निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन कर लें, जिससे मतदान दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, निर्वाचन संबंधी तैयारियों, अधिकारियों के दायित्वों तथा मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन की प्रत्येक व्यवस्था को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी शालिनी सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY