रायबरेली ::भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 183-ऊँचाहार के मतदान क्रेन्द्र प्राथमिक विद्यालय बाबूगंज एवं प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर वहां आयोजित विशेष कैम्पों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों/बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मतदाता पंजीकरण कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार “कोई मतदाता न छूटे” के उद्देश्य को साकार करने के लिए जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित कराने के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन विशेष कैम्पों का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़कर मतदान के प्रति जागरूक करना है। इसके अंतर्गत जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 177-बछरावां (अ०जा०), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अ०जा०), 182-सरेनी एवं 183-ऊँचाहार में मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं सुपरवाइजर/बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष कैम्पों के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों एवं विशेष रूप से प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आगे आएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी ऊँचाहार विवेक राजपूत सहित सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी व सुपरवाइजर/बीएलओ आदि उपस्थित रहे।

































































